Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर के सरकंडा स्थित जीटी ईडन कोर्ट रेजिडेंशियल सोसायटी में भारी बारिश के बीच बाउंड्री वॉल तोड़े जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सोसायटी के पदाधिकारियों और रहवासियों ने स्थानीय पार्षद जय वाधवानी पर बिना अनुमति बाउंड्री वॉल तुड़वाने का आरोप लगाया है। मामले में एसपी, नगर निगम कमिश्नर और सरकंडा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत के मुताबिक 17 जुलाई की सुबह करीब 9:30 बजे भारी बारिश के दौरान पार्षद जय वाधवानी अपने साथ 4 से 5 लोगों को लेकर सोसायटी पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के बाउंड्री वॉल तुड़वा दी। सोसायटी का आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद बड़ी मात्रा में पानी परिसर में घुस गया, जिससे इलेक्ट्रिकल रूम, लिफ्ट, गैस बैंक और आरओ प्लांट जलमग्न हो गए। रहवासियों का कहना है कि इससे जान-माल का खतरा भी पैदा हो गया।
सोसायटी ने शिकायत में कहा है कि यदि इस घटना के कारण भविष्य में किसी निवासी, फ्लैट या सोसायटी की संपत्ति को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी पार्षद जय वाधवानी की होगी। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सोसायटी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
फिलहाल शिकायत पुलिस और प्रशासन को सौंप दी गई है। मामले में जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस मामले में पार्षद जय वाधवानी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

