Janjgir-Champa News: एनएच-49 पर चाकू दिखाकर लूट करने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने मोबाइल, नकदी और हथियार किए बरामद

Janjgir-Champa News: एनएच-49 पर चाकू दिखाकर लूट करने वाले दो बदमाश 24 घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने मोबाइल, नकदी और हथियार किए बरामद

Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। जिले की सारागांव थाना पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (एनएच-49) पर राहगीरों से चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खोखरा निवासी अशोक लाठिया अपने एक साथी के साथ 16 जुलाई को बढ़ई का काम करने सारागांव आए थे। शाम को काम समाप्त होने के बाद दोनों मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एनएच-49 स्थित अंजली फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाते समय कुछ युवक उन्हें घूरते हुए वहां से निकल गए।

पेट्रोल पंप से करीब 100 मीटर आगे बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार बदमाशों ने दोनों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर दिया और उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा 5 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। लूटी गई संपत्ति की कुल कीमत करीब 25 हजार रुपये आंकी गई है।

घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सारागांव थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन और थाना प्रभारी राकेश कुमार सूर्यवंशी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने डेरागढ़ निवासी महेंद्र कुमार धारिया को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी सूर्यकांत बरेठ को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2 हजार रुपये नकद जब्त किए। वहीं मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक से एक्सट्रीम मोटरसाइकिल, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और दूसरा लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सारागांव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से हाईवे पर हुई लूट की गुत्थी महज 24 घंटे के भीतर सुलझ गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है।


Related Articles