Raipur News: डीएड अभ्यर्थियों का सरकार पर आरोप, बोले- अदालत के आदेशों की हो रही अनदेखी

Raipur News: डीएड अभ्यर्थियों का सरकार पर आरोप, बोले- अदालत के आदेशों की हो रही अनदेखी

Chhattisgarh Raipur News: छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे डीएड अभ्यर्थियों का अनशन गुरुवार को 206वें दिन भी जारी रहा। नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने नया रायपुर स्थित धरना स्थल से दण्डवत् प्रणाम रैली निकालते हुए विधानसभा घेराव के लिए कूच किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें धरना स्थल के मुख्य गेट पर ही रोक दिया।

आंदोलनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि न्यायालय के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद राज्य सरकार 2,300 रिक्त शिक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं कर रही है। उनका आरोप है कि इससे न केवल अभ्यर्थियों के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि न्यायपालिका के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है।

डीएड अभ्यर्थियों ने कहा कि संविधान में न्यायपालिका को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है, लेकिन 206 दिनों से जारी आंदोलन के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका कहना है कि यह स्थिति लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।

आंदोलनकारियों ने सवाल उठाया कि यदि न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं हो रहा है तो क्या प्रशासनिक तंत्र संविधान और अदालत से भी ऊपर हो गया है। उन्होंने सरकार से न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए जल्द से जल्द 2,300 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग की और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


Related Articles