Bilaspur News : स्कूटी पुल के पास मिली, तीन दिन बाद नदी में मिला शव, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

Bilaspur News : स्कूटी पुल के पास मिली, तीन दिन बाद नदी में मिला शव, हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

Chhattisgarh Bilaspur News:  बलौदाबाजार यातायात थाने में पदस्थ एसआई प्रियेश जान की पत्नी प्रीति जान (43), जो 12 जुलाई से लापता थीं, उनका शव गुरुवार सुबह बिल्हा थाना क्षेत्र के बेलटुकरी-पथर्रा घाट के पास शिवनाथ नदी में मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण आंशिक रूप से डिकंपोज हो चुका था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेज दिया।

इससे एक दिन पहले 15 जुलाई को प्रीति जान की स्कूटी अमलडीहा स्थित शिवनाथ पुल के पास लावारिस हालत में मिली थी। स्कूटी की डिक्की से चाबी मिलने के बाद वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और पहचान के बाद वाहन एसआई प्रियेश जान को सौंप दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को प्रीति का मोबाइल फोन अब तक नहीं मिला है। पुलिस का मानना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल, अंतिम लोकेशन और आखिरी बातचीत से घटना की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकते हैं। इसी आधार पर तकनीकी जांच भी की जा रही है।

बिल्हा थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत डूबने से हुई, किसी हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।


Related Articles