CG News: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, राज्य शासन ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

CG News: छत्तीसगढ़ में स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, राज्य शासन ने जारी किए विस्तृत दिशा-निर्देश

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय समारोहों की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस संबंध में सभी जिलों के कलेक्टरों और विभागीय प्रमुखों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का आयोजन विशेष महत्व का होगा, क्योंकि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रायपुर में मुख्यमंत्री करेंगे ध्वजारोहण

राजधानी रायपुर के स्थानीय पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त की सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। परेड में बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), नगर सेना, एनसीसी तथा बैंड प्लाटून की टुकड़ियां हिस्सा लेंगी।

‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन रहेगा विशेष आकर्षण

शासन ने राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सभी शासकीय समारोहों में इसका सामूहिक गायन अनिवार्य किया है। इसके साथ ही सभी कार्यक्रमों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देने वाले आयोजन किए जाएंगे।

जिला और ब्लॉक स्तर पर होंगे समारोह

राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में शासन द्वारा नामित मंत्री ध्वजारोहण करेंगे, परेड की सलामी लेंगे और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। वहीं जनपद पंचायत मुख्यालयों में जनपद अध्यक्ष, नगर निकायों में अध्यक्ष तथा ग्राम पंचायतों में सरपंच और ग्राम प्रमुख ध्वजारोहण करेंगे। इन समारोहों में स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

शहीदों के परिजनों का होगा सम्मान

राज्य शासन ने जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि जिला स्तरीय समारोहों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों के परिजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाए। साथ ही 15 अगस्त को प्रकाशित होने वाले सरकारी विज्ञापन स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और छत्तीसगढ़ के शहीदों को समर्पित होंगे।

सरकारी भवनों पर होगी आकर्षक रोशनी

स्वतंत्रता दिवस की रात प्रदेश के सभी शासकीय भवनों, कार्यालयों और राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग स्वयं व्यय वहन करेंगे। शासन ने आम नागरिकों और निजी संस्थानों से भी अपने भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और रोशनी करने की अपील की है।

शैक्षणिक संस्थानों के लिए विशेष निर्देश

राज्य के सभी शासकीय एवं शिक्षण संस्थानों में सुबह 9 बजे से पहले ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, प्रभात फेरी, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और वृक्षारोपण जैसे आयोजन किए जाएंगे। लाउडस्पीकर के उपयोग के लिए जिला प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा तथा केवल देशभक्ति से ओतप्रोत और मर्यादित गीतों का ही प्रसारण किया जा सकेगा।


Related Articles