Durg News: दुर्ग-रायपुर हाईवे पर भीषण हादसा, 8 वर्षीय मासूम जिंदगी की जंग लड़ रहा

Durg News: दुर्ग-रायपुर हाईवे पर भीषण हादसा, 8 वर्षीय मासूम जिंदगी की जंग लड़ रहा

Chhattisgarh Durg News : दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे-53 पर गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चे को पहले नजदीकी अस्पताल और बाद में रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, स्कूटी क्रमांक CG 07 DE 5847 पर सवार पांच लोग भिलाई-3 से रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर पूजा कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच दशमेश ढाबा के पास उनकी तेज रफ्तार स्कूटी हाईवे किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर CG 07 NA 0930 के पिछले हिस्से से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रही अमृत निर्मलकर (28), लक्ष्मी निर्मलकर (26), 7 वर्षीय यासना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका रायपुर एम्स में इलाज चल रहा है।

छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि हादसे के बाद कुम्हारी पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर चालक भोला यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर हाईवे पर खड़ा था, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया गया। इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर सड़क सुरक्षा और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


Related Articles