Chhattisgarh Raipur News : नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में गुरुवार को मंत्रालय और संचालनालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने जर्जर बसों के विरोध में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के नेतृत्व में गेट नंबर-3 पर आयोजित प्रदर्शन में कर्मचारियों ने सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की मांग उठाते हुए मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शन की वजह संचालनालय भू-अभिलेख में पदस्थ श्रीमती एम्ब्रेसिया किंडो के बस चालक की कथित लापरवाही से गंभीर रूप से घायल होने की घटना बनी। कर्मचारियों ने कहा कि मंत्रालय एवं संचालनालय के कर्मचारियों के लिए संचालित बसों की जर्जर स्थिति और सुरक्षा संबंधी खामियों की शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
फेडरेशन ने आरोप लगाया कि कर्मचारी रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। उन्होंने घायल कर्मचारी के बेहतर इलाज, आर्थिक सहायता, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग के नाम ज्ञापन सौंपकर फिटनेस प्रमाणित बसों की तत्काल व्यवस्था, जर्जर एवं कंडम बसों को हटाने, बसों की नियमित तकनीकी जांच और चालक-परिचालकों की जवाबदेही तय करने की मांग रखी।
प्रदर्शन का नेतृत्व छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने किया। इस दौरान इंद्रावती भवन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष जय कुमार साहू समेत विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फेडरेशन ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

