Khairagarh News: खैरागढ़। घरेलू गैस सिलिंडरों के अवैध भंडारण और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य विभाग ने खैरागढ़ में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की विशेष जांच टीम ने स्थानीय शिवा इंडेन गैस एजेंसी पर औचक छापा मारकर गोदाम और स्टॉक का निरीक्षण किया। जांच के दौरान रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर विभाग ने 608 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलिंडर जब्त कर एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
स्टॉक और रिकॉर्ड में मिला भारी अंतर
खाद्य विभाग द्वारा गठित विशेष जांच दल ने एजेंसी के गोदाम का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान स्टॉक और अभिलेखों में भारी अंतर पाया गया। इसके अलावा सुरक्षा मानकों की अनदेखी तथा गैस सिलिंडरों के कथित अवैध भंडारण एवं वितरण से जुड़ी शिकायतें भी प्रथम दृष्टया सही पाई गईं।
9.40 लाख रुपये के खाली सिलिंडर भी जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने 175 भरे हुए घरेलू गैस सिलिंडर, जिनकी अनुमानित कीमत 5.66 लाख रुपये, तथा 13 भरे हुए व्यावसायिक गैस सिलिंडर, जिनकी अनुमानित कीमत 82,894 रुपये है, जब्त किए।
इसके अलावा 420 खाली घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलिंडर, जिनकी अनुमानित कीमत 9.40 लाख रुपये आंकी गई है, भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 608 गैस सिलिंडर विभाग ने अपने कब्जे में लिए।
कलेक्टर न्यायालय में भेजा गया प्रकरण
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच में नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाए जाने के बाद गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है। जब्तीनामा तैयार कर मामले को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग, कालाबाजारी, अवैध भंडारण और उपभोक्ता हितों से जुड़े नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि जिलेभर में ऐसे मामलों के खिलाफ औचक निरीक्षण और सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

