Chhattisgarh Ambikapur News: अंबिकापुर के बाल संप्रेक्षण गृह से एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई है। मंगलवार को 13 अपचारी बालक पुराना दरवाजा तोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस की कई टीमें फरार बालकों की तलाश में जुटी हैं और रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, एक बालक को कर्मचारियों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि बाकी 13 अपचारी बालक परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गए। यह पिछले एक महीने में दूसरी बार है, जब बाल संप्रेक्षण गृह से बड़ी संख्या में अपचारी बालक भागने में सफल हुए हैं।
इससे पहले 23 जून को भी बारिश के दौरान 13 अपचारी बालक खिड़की तोड़कर फरार हो गए थे। उस घटना में भी अब तक दो बालकों का पता नहीं चल सका है। वहीं, फरवरी महीने में भी संप्रेक्षण गृह से बच्चों के भागने की घटना सामने आई थी।
पिछली घटना के बाद कलेक्टर अजीत वसंत और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बाल संप्रेक्षण गृह का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, निर्देशों के बावजूद सुरक्षा में सुधार नहीं होने से एक बार फिर बड़ी चूक सामने आई है।
पुलिस ने फरार बालकों के परिजनों से भी अपील की है कि यदि बच्चे उनके संपर्क में आते हैं तो उन्हें वापस बाल संप्रेक्षण गृह भेजने के लिए प्रेरित करें। लगातार हो रही इन घटनाओं ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

