Bilaspur News: स्कूटी को रौंदने के बाद स्कूल बस से टकराई कार, युवक की मौत; नाबालिग चालक की तलाश में पुलिस

Bilaspur News: स्कूटी को रौंदने के बाद स्कूल बस से टकराई कार, युवक की मौत; नाबालिग चालक की तलाश में पुलिस

Chhattisgarh Bilaspur News: शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रविवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। घटना के बाद कार सवार वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि कार एक नाबालिग चला रहा था।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी अस्पताल के सामने तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कार स्कूल की मिनी बस से टकरा गई, जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

घायल युवक की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (18) निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई। स्थानीय लोगों ने उसे पहले सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार तेज रफ्तार में थी। हादसे के तुरंत बाद चालक और उसके साथ मौजूद लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि कार एक नाबालिग चला रहा था।

पुलिस ने कार जब्त कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर चालक की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।


Related Articles