Chhattisgarh Dhamtari News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले दो दिनों में 4 वाहनों को जब्त किया है। विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 239 मामलों में कार्रवाई करते हुए 69 लाख 32 हजार 683 रुपये का जुर्माना भी वसूला है।
खनिज विभाग, पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमों ने कलेक्टर के निर्देश पर सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा सहित कई संवेदनशील इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते मिले 4 वाहनों को जब्त कर उनके खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत कार्रवाई की गई।
विभाग के अनुसार, 13 जुलाई 2026 तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े कुल 239 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। सभी मामलों में वसूला गया जुर्माना शासकीय खनिज मद में जमा कराया गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्राकृतिक संसाधनों की चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उड़नदस्ता दल लगातार निगरानी कर रहा है और आने वाले दिनों में अवैध खनन व परिवहन में शामिल लोगों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

