Chhattisgarh News: बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक सरकारी स्कूल में बड़ा हादसा हो गया। साजा विकासखंड के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में कक्षा दूसरी की पढ़ाई के दौरान अचानक छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब कक्षा दूसरी के छात्र नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे थे। अचानक छत का प्लास्टर टूटकर बच्चों पर गिर गया। हादसे में तीन छात्र घायल हुए, जिनमें से दो बच्चों के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं।
घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानखम्हारिया ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल छात्रों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका आरोप है कि स्कूल भवन की मरम्मत में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए नए स्कूल भवन के जल्द निर्माण की मांग की है।
अब सभी की नजर प्रशासन और शिक्षा विभाग की कार्रवाई पर टिकी है कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं।

