Chhattisgarh News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के भिलाई स्थित वैशाली नगर थाना क्षेत्र के श्रीराम मार्केट में सोमवार को एक किराना दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान की पहली मंजिल पर फंसे तीन लोगों को छत से कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी। हादसे में दो युवक मामूली रूप से झुलस गए, जबकि दुकान और गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
जानकारी के अनुसार, राजेश किराना दुकान में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि दुकान में बिक्री के लिए पेट्रोल भी रखा हुआ था, जिससे आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरी दुकान और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के दौरान पहली मंजिल पर मौजूद तीन लोग धुएं और आग के बीच फंस गए। जान का खतरा बढ़ता देख उन्होंने छत से कूदकर खुद को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान दो युवक हल्के रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल की टीम करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। तब तक आसपास के लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। वैशाली नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

