Chhattisgarh News: दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई स्थित खम्हरिया के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में छात्राओं के अचानक चीखने और बेहोश होने की घटनाओं से हड़कंप मच गया है। पिछले सप्ताह शुक्रवार से अब तक करीब 10 से 15 छात्राएं इस तरह प्रभावित हो चुकी हैं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल सभी छात्राओं की हालत सामान्य बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रभावित छात्राएं पहले अचानक तेज आवाज में चीखने लगती हैं और कुछ ही देर बाद बेहोश होकर गिर जाती हैं। सबसे पहले शुक्रवार को तीन छात्राओं को इलाज के लिए शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया था, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। इसके बाद भी अलग-अलग दिनों में इसी तरह की घटनाएं सामने आती रहीं।
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, अब तक सामने आए सभी मामले दोपहर की पाली में पढ़ने वाली कक्षा 9वीं और 11वीं की छात्राओं से जुड़े हैं। वहीं, मॉर्निंग शिफ्ट में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है।
मामले की सूचना जिला शिक्षा विभाग को दे दी गई है। शिक्षा विभाग और संबंधित अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। फिलहाल छात्राओं के बेहोश होने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि इसके पीछे स्वास्थ्य संबंधी समस्या, मनोवैज्ञानिक कारण या कोई अन्य वजह है।

