CG Assembly Monsoon Session 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो गया। सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही लोककला की महान साधिका और पद्म विभूषण से सम्मानित डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शुरू हुई। उनके निधन पर विधानसभा में गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी, जिसके बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री बोले- तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ को विश्व मंच पर पहचान दिलाई
श्रद्धांजलि प्रस्ताव पर बोलते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी की कापालिक शैली को नई पहचान दिलाई और अपनी विलक्षण कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कठिन सामाजिक परिस्थितियों के बावजूद अपने संघर्ष, समर्पण और प्रतिभा के दम पर उन्होंने जो मुकाम हासिल किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके निधन से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को अपूरणीय क्षति हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया लोककला जगत की अपूरणीय क्षति
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि किसी पद्म सम्मान से सम्मानित लोक कलाकार को इस तरह सदन में श्रद्धांजलि देना विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि तीजन बाई का कला और संस्कृति के क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। कांग्रेस विधायक दल की ओर से उन्होंने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मंत्री और विधायकों ने भी दी श्रद्धांजलि
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि तीजन बाई ने अपनी अद्भुत कला से छत्तीसगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों से निकलकर उन्होंने पूरी दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन किया। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और सफलता का प्रतीक है।
संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने भी उनके संघर्षपूर्ण जीवन और लोककला के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके निधन से लोकसंस्कृति जगत ने एक अमूल्य धरोहर खो दी है।
इस दौरान मंत्री गजेंद्र यादव सहित विधायक किरण सिंह देव, अनुज शर्मा, अनिला भेड़िया, कुंवर सिंह निषाद और भैयालाल कोरसेवाड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि के उपरांत विधानसभा की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

