CG Bilaspur News: बिलासपुर। वीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर 14 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित होने वाले राठौर समाज के विशाल सामाजिक महासम्मेलन की तैयारियां तेज हो गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज ने जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया।
छत्तीसगढ़ प्रांतीय राठौर क्षत्रिय सभा के कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र राठौर और जिला बिलासपुर ग्रामीण इकाई के अध्यक्ष धनंजय सिंह राठौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान संगठन के विस्तार, सामाजिक उत्थान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वीर दुर्गादास राठौर के शौर्य, पराक्रम और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। वहीं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी ने समाज की संगठनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने राठौर समाज को अपना परिवार बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, सभी जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में शामिल होने पर सहमति भी जताई है।
बाइक रैली और महासम्मेलन होंगे आकर्षण
राठौर समाज ने बताया कि 14 अगस्त को वीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर भव्य बाइक रैली, विशाल सामाजिक महासम्मेलन और विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही ऊर्जा पार्क स्थित सामाजिक भवन परिसर में सांसद निधि से बनने वाले सभा हॉल का भूमिपूजन भी किया जाएगा। आयोजन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं के शामिल होने की संभावना है।

