Durg News: ग्राम औरी में 3 करोड़ लीटर क्षमता वाले अमृत सरोवर का लोकार्पण, सांसद विजय बघेल बोले- जल संरक्षण से सुरक्षित होगा गांव का भविष्य

Durg News: ग्राम औरी में 3 करोड़ लीटर क्षमता वाले अमृत सरोवर का लोकार्पण, सांसद विजय बघेल बोले- जल संरक्षण से सुरक्षित होगा गांव का भविष्य

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल के प्रयासों से पाटन विकासखंड के ग्राम औरी में निर्मित अमृत सरोवर का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। लगभग साढ़े तीन एकड़ क्षेत्र में बने इस सरोवर में करीब 3 करोड़ लीटर जल संग्रहण की क्षमता है। जल संरक्षण की दिशा में इसे क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सरोवर के किनारे स्थित दक्षिणमुखी श्री हनुमान मंदिर इस स्थल को आस्था और पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष पहचान प्रदान कर रहा है।

लोकार्पण समारोह में सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संजय बघेल, कीर्ति नायक, कमलेश वर्मा, नीलम चंद्राकर, कस्तूरी बंजारे, पवन शर्मा, तृप्ति चंद्राकर, भागचंद जैन, राजा पाठक, राजेश चंद्राकर, कमलेश चंद्राकर, दीपक चंद्राकर, संदीप चंद्राकर तथा ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ वरुण पूजा महायज्ञ का आयोजन किया गया। सांसद विजय बघेल अपनी धर्मपत्नी रजनी बघेल, पुत्र सौरभ बघेल, पुत्रवधू पल्लवी बघेल, पुत्री प्रतीक्षा बघेल एवं दामाद अनंत उपाध्याय के साथ यज्ञ में शामिल हुए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा तथा जनकल्याण की कामना की।

अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि ग्रामवासियों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शुरू की गई अमृत सरोवर योजना का उद्देश्य जल संरक्षण को बढ़ावा देना और गांवों को जल-संपन्न बनाना है। उन्होंने कहा कि पहले गांवों के तालाब ही जीवन और पेयजल का मुख्य आधार होते थे और यह अमृत सरोवर आने वाली पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा का मजबूत आधार बनेगा।

सांसद ने बताया कि ग्रामवासियों के सहयोग, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता, संचेती फाउंडेशन एवं एसएमएस लिमिटेड (इम्प्लीमेंटिंग एजेंसी) के सहयोग से यह कार्य मात्र एक माह के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि यदि यही कार्य पूरी तरह शासकीय प्रक्रिया से कराया जाता तो इसकी लागत एक करोड़ रुपये से अधिक आती। इस परियोजना को भारतमाला परियोजना से जुड़े अधिकारियों और संस्थाओं के सहयोग से साकार किया गया, जिसमें लिलेश देशमुख, राघवेन्द्र, राजेश सिंह, भूपेंद्र यादव, अजय पाणीकर और देवेंद्र यादव सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में ग्राम सरपंच कलेन्द्री मानिकपुरी ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं और ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आर्टकॉम संस्था के “हर आंगन एक पेड़” अभियान के तहत अमृत सरोवर परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इसके बाद सांसद विजय बघेल एवं जनप्रतिनिधियों ने मुक्तिधाम परिसर में पीपल, बरगद, नीम और आम के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Related Articles