Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस ने सियासी मोर्चा खोल दिया है। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने घोषणा की है कि कांग्रेस विधानसभा में राज्य सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने वादों पर खरी नहीं उतरी है और प्रदेश में भ्रष्टाचार, महंगाई, बिजली सहित कई मुद्दों पर जनता परेशान है।
मीडिया से चर्चा करते हुए चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस को इस सरकार पर कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के वादे झूठे साबित हुए हैं और विभिन्न मुद्दों पर जनता को राहत नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष विधानसभा में इन सभी मुद्दों को मजबूती से उठाएगा।
महंत ने बताया कि नकटी गांव बेदखली मामले को लेकर कांग्रेस सदन में स्थगन प्रस्ताव भी लाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर विधानसभा के भीतर सरकार को घेरा जाएगा और जरूरत पड़ने पर सदन के बाहर भी जनता की आवाज बुलंद की जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि विधानसभा का पांच दिवसीय सत्र पर्याप्त नहीं है, लेकिन विपक्ष अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए हर महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाएगा।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान सदन की कुल पांच बैठकें होंगी, जिनमें वित्तीय और अन्य शासकीय कार्यों के साथ विभिन्न जनहित के मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

