Chhattisgarh News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक अधेड़ महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना रघुनाथनगर थाना क्षेत्र की है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, महिला शनिवार को खेत की जुताई कराने के बाद ट्रैक्टर मालिक को भुगतान करने गई थी। शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वह घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में तीन आरोपियों ने उसे रोक लिया और जबरन खेत की ओर ले गए। आरोप है कि वहां दो आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी भी वारदात में शामिल रहा।
घटना के दौरान महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए। इसके बाद घटना की सूचना डायल-112 और पुलिस को दी गई।
शिकायत मिलने के बाद रघुनाथनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

