Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में नाबालिग बेटे को कथित रूप से भारत विरोधी नारे सिखाने और पत्नी को प्रताड़ित करने के मामले में आरोपी वसीम मोहम्मद के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपी को एक दिन के प्रोडक्शन वारंट पर जेल से हिरासत में लेकर पूछताछ की और मामले की विवेचना आगे बढ़ाई। इस दौरान पुलिस के अनुसार आरोपी ने “हिंदुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए।
मामले की जांच डीएसपी उन्नति ठाकुर की निगरानी में पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार 29 मई को आरोपी की पत्नी ने महिला थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि वसीम मोहम्मद ने उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की, साथ ही अपने नाबालिग बेटे को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे कथित भारत विरोधी नारे सिखाए। इन नारों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85, 351, 152 और 197 के साथ ही छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि 43 वर्षीय आरोपी वसीम मोहम्मद, निवासी जोगीडीपा, रायगढ़, पहले से ही करीब 6 किलोग्राम गांजा बरामद होने के मामले में NDPS एक्ट के तहत जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक हिरासत में बंद है। इसी मामले की जांच के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट लेकर उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
रिमांड के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, पूछताछ की और अन्य वैधानिक कार्रवाई पूरी की। रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

