Narayanpur News: ‘नियद नेल्लानार’ योजना का असर, दुर्गम गांवों तक पहुंची बिजली; ग्रामीणों के जीवन में आया बड़ा बदलाव

Narayanpur News: ‘नियद नेल्लानार’ योजना का असर, दुर्गम गांवों तक पहुंची बिजली; ग्रामीणों के जीवन में आया बड़ा बदलाव

Narayanpur News: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के सुदूर वनांचल में वर्षों से पसरा अंधेरा अब इतिहास बन गया है। राज्य सरकार की ‘नियद नेल्लानार’ (आपका अच्छा गांव) योजना के तहत मोहन्दी और मसपुर के दूरस्थ पाराओं में पहली बार बिजली पहुंच गई है। घने जंगलों और दुर्गम पहाड़ियों के बीच बसे इन गांवों के घर अब बिजली की रोशनी से जगमगा रहे हैं।

विद्युत विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से मिचिंगपारा, कोडियारपारा, बीचपारा और गुडरापारा में बिजली आपूर्ति शुरू की गई है। करीब 84 लाख रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का सीधा लाभ 45 परिवारों को मिला है, जो लंबे समय से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित थे।

बिजली पहुंचने से ग्रामीणों के जीवन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है। अब बच्चों को रात में पढ़ाई करने में सुविधा होगी, वहीं पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल से दैनिक जीवन भी आसान होगा। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली मिलने से स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं में भी सुधार आएगा।

ग्रामीणों ने पहली बार अपने घरों में बिजली की रोशनी देखकर खुशी जताई और इसे विकास की नई शुरुआत बताया। जिला प्रशासन का कहना है कि ‘नियद नेल्लानार’ योजना के तहत आने वाले समय में अन्य दूरस्थ और वंचित गांवों तक भी बिजली सहित सभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।


Related Articles