CG Korba News: चलती बस में गूंजी नवजात की किलकारी, यात्रियों ने कराया सुरक्षित प्रसव और जुटाए 9 हजार रुपए

CG Korba News: चलती बस में गूंजी नवजात की किलकारी, यात्रियों ने कराया सुरक्षित प्रसव और जुटाए 9 हजार रुपए

Chhattisgarh Korba News: कोरबा। इंसानियत और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाली एक भावुक घटना कोरबा से पटना जा रही राजहंस यात्री बस में सामने आई। सोमवार देर रात तेज बारिश के बीच चलती बस में एक नवविवाहिता को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। सीमित संसाधनों के बावजूद महिला यात्रियों और बस स्टाफ की सूझबूझ से बस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। बाद में आर्थिक तंगी की जानकारी मिलने पर यात्रियों ने मिलकर 9 हजार रुपये की सहायता भी जुटाई।

जानकारी के अनुसार, करीब 35 यात्रियों को लेकर राजहंस यात्री बस कोरबा से पटना के लिए रवाना हुई थी। अंबिकापुर पार कर बलरामपुर की ओर बढ़ते समय रात करीब 11:30 बजे कोरबा निवासी सुनती देवी को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। वह अपने पति के साथ पटना स्थित ससुराल जा रही थीं और यह उनका पहला बच्चा है।

अचानक आई इस स्थिति से बस में कुछ देर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे सुरक्षित रोका। इसके बाद महिला यात्री सुनीता बाई सहित अन्य महिलाओं और बस स्टाफ ने हिम्मत दिखाते हुए सीमित संसाधनों में प्रसव की जिम्मेदारी संभाली। करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद नवजात के रोने की आवाज सुनते ही बस में मौजूद सभी यात्रियों ने राहत की सांस ली।

प्रसव के बाद जब यात्रियों को पता चला कि दंपति के पास अस्पताल और इलाज के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं, तो सभी ने मानवता का परिचय देते हुए स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग किया। किसी ने 100 रुपये तो किसी ने 500 रुपये दिए और देखते ही देखते 9 हजार रुपये एकत्र हो गए।

बस के बलरामपुर पहुंचते ही प्रसूता और नवजात को तत्काल सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने दोनों की जांच कर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

तेज बारिश, जंगल के रास्ते और रात के अंधेरे के बीच घटी इस घटना ने यह साबित कर दिया कि विपरीत परिस्थितियों में भी अनजान लोग एक परिवार की तरह साथ खड़े हो सकते हैं। बस में सवार यात्रियों की संवेदनशीलता, सहयोग और मानवता की यह मिसाल लंबे समय तक याद रखी जाएगी।


Related Articles