Chhattisgarh Durg News: अहिवारा। नगर पालिका परिषद अहिवारा में राज्य प्रवर्तित एवं अधोसंरचना मद के तहत लगभग 133 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता अहिवारा विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने की।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विधानंद कुशवाहा, विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक बाफना सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान अतिथियों का स्मृति-चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को अनुग्रह प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन और लोकार्पण
कार्यक्रम में यादव भवन, उड़िया पारा एवं टाउनशिप में सामुदायिक भवनों का निर्माण, विभिन्न वार्डों में आरसीसी नाली निर्माण, मुक्तिधाम सुविधा विस्तार, ए.वी. स्कूल के पास बॉक्स क्रिकेट ग्राउंड, आंगनबाड़ी भवन सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
नगर विकास में सभी का योगदान: अशोक बाफना
स्वागत उद्बोधन में नगर पालिका उपाध्यक्ष अशोक बाफना ने कहा कि विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा विकास कार्यों की योजना बनाने में सभी जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शक हैं। उन्होंने सांसद विजय बघेल की सरलता और कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार की सराहना करते हुए कहा कि वे छोटे-से-छोटे कार्यक्रम में भी शामिल होकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हैं।
विकास की नई पहचान बन रहा है अहिवारा
विधायक प्रतिनिधि सतीश साहू ने कहा कि सांसद विजय बघेल लगातार दूसरी बार जनता के विश्वास से निर्वाचित हुए हैं और उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। वहीं नगर पालिका अध्यक्ष विधानंद कुशवाहा ने कहा कि अहिवारा नगर पालिका कर संग्रह, वृक्षारोपण और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रदेश की अग्रणी नगरपालिकाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि सैकड़ों हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है और गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं।
महिलाओं की भागीदारी लोकतंत्र की ताकत
पार्षद सरस्वती बंजारे ने कहा कि लोकतंत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है।
35 गांवों को मिलेगा जल प्रदाय योजना का लाभ
अध्यक्षीय उद्बोधन में विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अहिवारा-जामुल जल प्रदाय योजना से लगभग 35 गांवों को लाभ मिलेगा। साथ ही अशोक बाफना की मांग पर डोमशेड निर्माण के लिए 20 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
‘जनसेवा ही जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा धर्म’ : विजय बघेल
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने कहा कि जनता का विश्वास ही जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है और सरकार की विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
सांसद ने भरोसा दिलाया कि अहिवारा के विकास और तहसील क्षेत्र की प्रगति के लिए वे हरसंभव सहयोग देंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का निरंतर प्रयास करेंगे।
क्रिकेट ग्राउंड में लगाया बल्ला
कार्यक्रम के बाद सांसद विजय बघेल ने अहिवारा के बाटलीवाला क्रिकेट ग्राउंड में करीब 25 लाख रुपये की लागत से विकसित खेल मैदान का अवलोकन किया और खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में नगर पालिका परिषद अहिवारा के आयुक्त प्रवीण गहलोत ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

