CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: 64 निरीक्षकों के तबादले, दुर्ग के 7 इंस्पेक्टर बदले गए

CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल: 64 निरीक्षकों के तबादले, दुर्ग के 7 इंस्पेक्टर बदले गए

CG Police Transfer: रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने बुधवार देर रात 64 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) की तबादला सूची जारी की। इस सूची में दुर्ग जिले के 7 निरीक्षकों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जबकि 3 नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर, जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह का कोंडागांव और उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू का सुकमा किया गया है। वहीं खुर्सीपार थाना में पदस्थ निरीक्षक आनंद शुक्ला को बीजापुर भेजा गया है। ट्रैफिक शाखा में पदस्थ निरीक्षक मनीष शर्मा का तबादला दंतेवाड़ा किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और वंदिता पानिकर को भी कोंडागांव स्थानांतरित किया गया है।

दुर्ग जिले में आएंगे तीन नए निरीक्षक

तबादला आदेश के तहत राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से दुर्ग, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से दुर्ग तथा मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। तीनों अधिकारियों को दुर्ग जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

स्थानीय पदस्थापना आदेश का इंतजार

हाल ही में सुपेला और उतई समेत कुछ थानों में थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। अब नए तबादलों के बाद जिले के कई थानों की कमान बदलना तय माना जा रहा है। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से जल्द ही स्थानीय पदस्थापना आदेश जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि नए निरीक्षकों को किस थाना या शाखा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर हैं। आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश के कई जिलों में थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिलेगा।


Related Articles