Chhattisgarh Weather News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में तीन दिन के विराम के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार (9 जुलाई) को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
हालांकि मानसून की वापसी के बावजूद प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 8 जुलाई तक छत्तीसगढ़ में औसतन 239.2 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 286.7 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक 17 प्रतिशत कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सारंगढ़-बिलाईगढ़ सबसे अधिक भीगा जिला रहा, जहां 450.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 84 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा दंतेवाड़ा (356.4 मिमी), मुंगेली (324 मिमी), सक्ती (318.2 मिमी), महासमुंद (309.2 मिमी), रायपुर (297 मिमी) और जांजगीर-चांपा (293.3 मिमी) में भी सामान्य से अधिक बारिश हुई है।
वहीं सरगुजा सबसे कम बारिश वाला जिला रहा, जहां केवल 144.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 53 प्रतिशत कम है। इसके अलावा कांकेर, जशपुर, कोरिया, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मोहला-मानपुर-चौकी, कोंडागांव, बेमेतरा, सुकमा और सूरजपुर में भी सामान्य से काफी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
तापमान की बात करें तो रायपुर 32 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जबकि पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

