Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने, बिजली संबंधी कार्यों के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगने और किसानों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतों के बीच विधायक भावना बोहरा बिना पूर्व सूचना के ठाठापुर-रामपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंच गईं। उनके औचक निरीक्षण से विभागीय अमले में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने बिजली व्यवस्था की बदहाली और विभागीय कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर शिकायतें कीं। किसानों ने बताया कि कई गांवों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। उनका आरोप था कि बिजली से जुड़े कुछ कार्यों के लिए कथित रूप से रिश्वत मांगी जाती है। किसानों ने यह भी कहा कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होता और विभागीय अधिकारियों का व्यवहार भी संतोषजनक नहीं रहता।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक भावना बोहरा ने मौके पर मौजूद जेई सौरभ अजगले को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर संबंधित अधिकारी को हटाने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों को उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि बार-बार बिजली गुल होने से फसलों की सिंचाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं, विद्यार्थियों, दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर खराब ट्रांसफार्मर और तकनीकी खामियों के कारण बिजली आपूर्ति सामान्य होने में काफी समय लग जाता है, जिससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
विधायक के औचक निरीक्षण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी पूरे पंडरिया क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। वहीं किसानों को उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।

