CG Bhilai Crime News: भिलाई। जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र स्थित डीपीएस चौक के पास एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन युवकों ने बेसबॉल बैट, चाकू और कटर से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित का इलाज शंकराचार्य अस्पताल में आईसीयू में चल रहा है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी 32 वर्षीय योगेश सूर्यवंशी ने शिकायत में बताया कि 2 जुलाई की रात करीब 11:30 बजे वह सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर रिसाली की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के सामने पहुंचा, पीछे से आए युवकों ने उसके सिर पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आरोपियों ने उसकी बाइक के पहिए में डंडा फंसा दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी हरीश यादव ने किसी धारदार हथियार से हमला किया, जबकि अमन मुर्ति और प्रखर चंद्राकर ने बटनदार चाकू और कटर से उसके शरीर और दोनों पैरों पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।
घटना के दौरान राहगीरों की भीड़ जुटने पर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल योगेश सूर्यवंशी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जुनवानी स्थित शंकराचार्य अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार आईसीयू में जारी है।
पीड़ित का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने उसकी हत्या करने की नीयत से हमला किया। शिकायत के आधार पर भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर आरोपी हरीश यादव, अमन मुर्ति और प्रखर चंद्राकर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

