Singrauli Accident News: सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के खम्हरिया ग्राम पंचायत अंतर्गत परदेही गांव में टावर निर्माण कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य का विरोध कर रहे एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान जगदीश शाह के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
टावर निर्माण का कर रहे थे विरोध
जानकारी के अनुसार, पावरग्रिड कंपनी द्वारा परदेही गांव में बिजली ट्रांसमिशन टावर का निर्माण किया जा रहा था। इसी दौरान जमीन मालिक जगदीश शाह निर्माण स्थल पर पहुंचे और कार्य का विरोध करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विरोध के दौरान उन्होंने जमीन में गड़े एक लोहे के पाइप को उखाड़ने का प्रयास किया।
तेज दबाव से पाइप सहित हवा में उछले
घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें देखा जा सकता है कि जैसे ही जगदीश शाह ने पाइप को हटाने की कोशिश की, अचानक तेज दबाव के कारण पाइप उछल गया और वह भी उसके साथ हवा में जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण तुरंत उनकी ओर दौड़े और बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
जगदीश शाह की मौत के बाद परिजनों ने पावरग्रिड कंपनी और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिस जमीन पर टावर बनाया जा रहा था, उसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था। परिवार का आरोप है कि उनकी आपत्तियों और विरोध के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कर रही हर पहलू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण शामिल हैं या नहीं, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

