Bhilai News: भिलाई में एंकर ब्रांड के नकली इलेक्ट्रिक उत्पाद बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार, ₹50 हजार से अधिक का माल जब्त

Bhilai News: भिलाई में एंकर ब्रांड के नकली इलेक्ट्रिक उत्पाद बेचने वाला दुकानदार गिरफ्तार, ₹50 हजार से अधिक का माल जब्त

CG Bhilai News: भिलाई। भिलाई की छावनी पुलिस ने कॉपीराइट उल्लंघन और नकली ब्रांडेड इलेक्ट्रिक उत्पादों की बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंकर (Anchor) ब्रांड के नाम पर नकली फैन रेगुलेटर बेचने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 169 नकली फैन रेगुलेटर जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 50,700 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को QuickIP Consultancy Pvt. Ltd. के प्रतिनिधि एवं Panasonic Life Solutions India Pvt. Ltd. के अधिकृत प्रतिनिधि कुलदीप सिंह ने थाना छावनी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भिलाई के रोड नंबर-18 स्थित गणेश इलेक्ट्रिकल्स में एंकर ब्रांड के नाम से नकली इलेक्ट्रिक उत्पाद बेचे जा रहे हैं।

शिकायत के आधार पर छावनी पुलिस ने तकनीकी विशेषज्ञों और स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गणेश इलेक्ट्रिकल्स पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक जयंत कुमार गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, भिलाई से एंकर ब्रांड के उत्पादों से संबंधित जानकारी और दस्तावेज मांगे गए। निरीक्षण में दुकान में रखे 169 फैन रेगुलेटर एंकर कंपनी के नकली उत्पाद पाए गए।

कंपनी के प्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा जांच में नकली होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर सभी 169 फैन रेगुलेटर जब्त कर सीलबंद कर दिए। पूछताछ के दौरान दुकानदार उत्पादों की खरीदी-बिक्री से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी एंकर ब्रांड के नाम और प्रतीक चिन्ह का अवैध उपयोग कर नकली उत्पादों की बिक्री कर आर्थिक लाभ कमा रहा था, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंच रहा था।

छावनी पुलिस ने आरोपी जयंत कुमार गुप्ता के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट, 1957 की धारा 63 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि नकली उत्पादों की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ब्रांडेड इलेक्ट्रिक उत्पाद खरीदते समय केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदारी करें और हमेशा पक्का बिल लें, ताकि नकली उत्पादों और संभावित धोखाधड़ी से बचा जा सके।


Related Articles