Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग जिले की उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का पर्दाफाश कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए तीनों मोटर पंप और केबल वायर बरामद कर कुल 37 हजार रुपये मूल्य का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक 26 और 27 जून 2026 की दरमियानी रात ग्राम पुरई में तीन अलग-अलग स्थानों से मोटर पंप और केबल वायर चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 334/2026, 335/2026 और 336/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) में मामले दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना तथा संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली, जिसके बाद उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में चेतन लाल ओझा (26), शंकर साहू (24), सन्नी राजपूत (21), कृष राजपूत (19) और दुष्यंत साहू (24) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम पुरई के शिवपारा वार्ड क्रमांक-17 के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक फ्लो कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप, एक लुबी कंपनी का सबमर्सिबल मोटर पंप एवं केबल वायर तथा एक 1.5 एचपी डीप बोर मोटर पंप और केबल वायर बरामद किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 37 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनसान स्थानों पर लगे मोटर पंप और केबल वायर चोरी करते थे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर, खेत और कृषि उपकरणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर दें।

