CG Transfer: छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 अधिकारियों के तबादले, रायपुर समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां

CG Transfer: छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग में बड़ा फेरबदल, 30 अधिकारियों के तबादले, रायपुर समेत कई जिलों में बदली जिम्मेदारियां

CG Transfer News: रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 30 अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आयुक्त, उड़नदस्ता अधिकारी, उप निरीक्षक समेत विभिन्न स्तर के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना दी गई है। इस फेरबदल का असर रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बालोद, कोरबा, कबीरधाम, सक्ती, बलरामपुर-रामानुजगंज, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़-गंडई-छुईखदान सहित कई जिलों में देखने को मिलेगा।

रायपुर में बदली आबकारी व्यवस्था की कमान

जारी आदेश के अनुसार सहायक आयुक्त आबकारी प्रवीण वर्मा को प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं वर्तमान में कार्यवाहक उपायुक्त आबकारी रायपुर के पद पर पदस्थ राजेश कुमार शर्मा का तबादला राजनांदगांव कर दिया गया है। इसके अलावा स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन में पदस्थ सविता रानी मेघराम को कार्यवाहक उपायुक्त आबकारी रायपुर का दायित्व सौंपा गया है।

कई जिलों में बदले जिला आबकारी अधिकारी

विभागीय आदेश के तहत बस्तर संभागीय उड़नदस्ता में पदस्थ रत्नेश मरावी को जिला आबकारी अधिकारी सक्ती बनाया गया है। वहीं सीआर साहू को खैरागढ़-गंडई-छुईखदान, पलक नंद को बालोद, शशांक कुमार को बलरामपुर-रामानुजगंज तथा रोहित देवांगन को धमतरी जिले का प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा अन्य अधिकारियों को भी विभिन्न जिलों और इकाइयों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

प्रशासनिक कसावट और कार्यप्रणाली को मजबूत करने की कवायद

आबकारी विभाग में हुए इस व्यापक फेरबदल को विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि आगामी दिनों में अवैध शराब कारोबार पर नियंत्रण, राजस्व संग्रहण में वृद्धि और प्रवर्तन कार्रवाई को लेकर विभाग नई रणनीति के साथ काम करेगा। शासन के इस कदम से विभागीय व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।


Related Articles