Sakti News: सक्ती में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 86 बोरी यूरिया जब्त, अवैध खनिज परिवहन में 4 वाहन पकड़े गए

Sakti News: सक्ती में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 86 बोरी यूरिया जब्त, अवैध खनिज परिवहन में 4 वाहन पकड़े गए

Chhattigarh Sakti News: सक्ती। किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। सक्ती जिले के ग्राम केसला में अवैध रूप से भंडारित 3.87 टन (86 बोरी) यूरिया उर्वरक जब्त किया गया है। वहीं दूसरी ओर खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन और ईंट भट्ठा संचालन के खिलाफ अभियान चलाते हुए चार वाहनों को जब्त कर कई संचालकों को नोटिस जारी किए हैं।

शिकायत पर हुई कार्रवाई, 3.87 टन यूरिया जब्त

कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश और उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में जिले में उर्वरक भंडारण और वितरण की लगातार निगरानी की जा रही है। एक शिकायत मिलने के बाद जिला एवं विकासखंड स्तरीय निगरानी दल ने ग्राम केसला में संयुक्त निरीक्षण किया।

जांच के दौरान एक निजी भवन में बड़ी मात्रा में यूरिया उर्वरक भंडारित पाया गया। जांच में सामने आया कि यह उर्वरक मेसर्स मयंक ट्रेडर्स की प्रोपराइटर उमा राठौर द्वारा भंडारित कराया गया था। फर्म प्रतिनिधि की उपस्थिति में 3.87 टन यूरिया जब्त कर उसे सुपुर्दगी में रखा गया तथा उसके विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई।

उर्वरक कालाबाजारी पर विभाग की सख्त नजर

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी और अनियमित भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। अब तक सक्ती, डभरा और जैजैपुर विकासखंडों में ऐसे सात मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है।

अनियमितता मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई

विभाग ने स्पष्ट किया है कि उर्वरकों के भंडारण और वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

किसानों से शिकायत करने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं उर्वरकों की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली या अन्य अनियमितताएं दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी कृषि कार्यालय को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ भी चला अभियान

इसी बीच खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन और ईंट भट्ठा संचालन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। उड़नदस्ता दल ने ग्राम बिर्रा और चंद्रपुर क्षेत्र में जांच की, जहां अवैध परिवहन के चार मामले सामने आए।

बिर्रा में अवैध ईंट परिवहन के दो मामले और चंद्रपुर में अवैध चूनापत्थर परिवहन के दो मामले दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान चार वाहनों को जब्त कर बिर्रा और चंद्रपुर थानों में सुरक्षित रखा गया है।

कई ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस

जांच के दौरान अवैध ईंट भट्ठा निर्माण और संचालन से जुड़े कई व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। इनमें पुटीडीह के टेकलाल साहू और दिलीप कुमार साहू, तुलसीडीह के मोतीलाल प्रजापति, प्यारे लाल प्रजापति, किशोर प्रजापति तथा छेवारीपाली के किशन भारद्वाज और इंद्रजीत प्रजापति शामिल हैं। सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगा शिकंजा

खनिज विभाग के अनुसार इन मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Related Articles