Chhattisgarh Patan News: पाटन: पाटन विधानसभा क्षेत्र के जामगांव आर ब्लॉक में संगठन सृजन अभियान के तहत बूथ एवं पंचायत कांग्रेस कमेटियों का गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम केसरा, बोरेन्दा, जरवाय, खर्रा, बरबसपुर, पाहांदा, कुर्मीगुंडरा, गबदी और बेलौदी सहित विभिन्न गांवों में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल, दुर्ग जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक पार्टी संरचना को सक्रिय बनाने पर जोर दिया गया।
चैतन्य बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसका जमीनी संगठन और कार्यकर्ताओं का समर्पण है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से बूथ और पंचायत स्तर पर कांग्रेस को और अधिक मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
पूर्व ओएसडी आशीष वर्मा ने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करती है। उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा को सेवा, समर्पण और जनहित से जुड़ा बताते हुए कहा कि यह अभियान पार्टी को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि संगठन सृजन अभियान केवल पदाधिकारियों का चयन नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन भी मजबूत होगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत और बूथ पर सक्रिय टीम तैयार की जा रही है ताकि पार्टी की नीतियां अधिक प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंच सकें।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरा आयोजन संगठनात्मक उत्साह और एकजुटता के माहौल में संपन्न हुआ।

