Chhattisgarh Narayanpur News: नारायणपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सुशासन के संकल्प को मजबूत करते हुए नारायणपुर जिले में विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। ग्राम हलामी मुंजमेटा में आयोजित सुशासन तिहार एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने शिरकत की। इस दौरान क्षेत्र को 6 करोड़ 70 लाख 78 हजार रुपये के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की सौगात दी गई।
पुल, सड़क और भवन निर्माण कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। पल्ली-छोटेडोंगर-ओरछा मार्ग पर माड़िन नाला में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 4.85 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई। इसके अलावा बावड़ी और करलखा में पुलिया, नाली एवं सीसी सड़क निर्माण, खाद्यान्न भंडारण कक्ष, अतिरिक्त शयन कक्ष, आश्रम शाला और जिला पशु चिकित्सालय भवन निर्माण जैसी परियोजनाओं को भी मंजूरी मिली।
लखपति दीदियों के आत्मनिर्भरता मॉडल की सराहना
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नारायणपुर जिले के समग्र विकास के लिए लगभग 2500 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे सड़क, पुल-पुलिया और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने लखपति दीदियों से संवाद कर उनके आर्थिक स्वावलंबन की सराहना की और मानसून से पहले सभी स्कूल भवनों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए। साथ ही हलामी मुंजमेटा में यात्री प्रतीक्षालय, मारकाबेड़ा में आंगनबाड़ी केंद्र, करमरी में खेल मैदान और फरसगांव-मसपुर मार्ग पर सड़क निर्माण जैसी कई घोषणाएं भी कीं।
हर परिवार को आवास और बुनियादी सुविधाएं देने का लक्ष्य
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ वर्ष 2047 तक विकसित और समृद्ध राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की गारंटी के तहत हर परिवार को पक्का आवास, खाद्यान्न और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 26 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से हलामी मुंजमेटा क्लस्टर में 500 आवासों का निर्माण जल्द पूरा होगा।
बस्तर की संस्कृति और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंत्री वर्मा ने बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रोजगार और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने मारकाबेड़ा में नई सीसी सड़क और पुलिया निर्माण की घोषणा भी की।
हितग्राहियों को योजनाओं का मिला सीधा लाभ
सुशासन शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया गया। स्वामित्व योजना के तहत भू-अधिकार दस्तावेज वितरित किए गए। कृषि और पंचायत विभाग द्वारा उन्नत बीजों का वितरण किया गया तथा पूर्ण हो चुके प्रधानमंत्री आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। इसके अलावा राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम पंजीयन कार्ड, व्हीलचेयर और सहायक छड़ियां भी वितरित की गईं। मंत्रियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन का मूल उद्देश्य है और इसी दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

