Raigarh News: चलती पिकअप से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, टेंट की रस्सी गले में फंसी, कान कटकर हुआ अलग

Raigarh News: चलती पिकअप से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, टेंट की रस्सी गले में फंसी, कान कटकर हुआ अलग

Chhattisgarh Crime News: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की जान चली गई। सेंटरिंग का सामान लेकर पिकअप वाहन से लौट रहे एक युवक के गले में रास्ते में लगे टेंट की रस्सी फंस गई, जिससे वह वाहन से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के फुलबंधिया निवासी गोवर्धन प्रसाद सोनी ने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे गांव निवासी नंद कुमार सोनी के पिकअप चालक सोनू डनसेना, उनके नाती वीरेंद्र सोनी, रुद्र कुर्रे और आयुष सोनी को लेकर बसनाझर सेंटरिंग का सामान लाने गया था।

सामान लोड कर सभी लोग पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बसनाझर बस्ती में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था, जिसके लिए सड़क किनारे टेंट लगाया गया था। आरोप है कि चालक सोनू डनसेना वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था।

बताया गया कि इसी दौरान टेंट की एक रस्सी वीरेंद्र सोनी के गले में फंस गई। अचानक हुए इस हादसे में वह पिकअप से नीचे गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में उसके शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन और साथियों ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों की शिकायत पर खरसिया पुलिस ने आरोपी चालक सोनू डनसेना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


Related Articles