Bargi Dam Accident : जबलपुर। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बरगी डैम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। डैम में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना ने हाल ही में हुए चर्चित क्रूज हादसे की यादें ताजा कर दी हैं और एक बार फिर बरगी डैम की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
परिवार के साथ घूमने गया था युवक
मृतक की पहचान ईश्वर सिंह (46 वर्ष) निवासी कटंगा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार ईश्वर सिंह अपनी पत्नी कुलविंदर कौर और बेटों के साथ पायली घूमने गए थे। वापस लौटते समय परिवार बरगी बांध के पास रुक गया।
बताया जा रहा है कि ईश्वर सिंह अपने एक बेटे के साथ पानी में नहाने के लिए उतरे थे, जबकि उनकी पत्नी और दूसरा बेटा घाट किनारे बैठे हुए थे।
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
नहाने के दौरान ईश्वर सिंह अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने की कोशिश की गई, लेकिन वह तेज लहरों और गहराई में समा गए। घटना को देखकर उनकी पत्नी ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नाविकों और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद रेस्क्यू टीम ने युवक का शव पानी से बाहर निकाला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
क्रूज हादसे के बाद फिर उठा सुरक्षा का मुद्दा
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब बरगी डैम हाल ही में हुए भीषण क्रूज हादसे के कारण पहले से चर्चा में रहा है। उस हादसे में पर्यटकों से भरा क्रूज अचानक आए तूफान के कारण पलट गया था, जिसमें 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। घटना के बाद लाइफ जैकेट की कमी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही को लेकर व्यापक सवाल उठे थे।
लोगों ने की सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग
लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने बरगी डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने लोगों से जलाशयों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

