भोपाल के लालघाटी स्थित तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 6 रेस्टोरेंट और कई दुकानें चपेट में, बड़ा हादसा टला

भोपाल के लालघाटी स्थित तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, 6 रेस्टोरेंट और कई दुकानें चपेट में, बड़ा हादसा टला

Bhopal Building Fire News: भोपाल। राजधानी भोपाल के लालघाटी इलाके में रविवार सुबह एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लग गई। आग इमारत में संचालित रेस्टोरेंट परिसर से शुरू हुई और देखते ही देखते पूरे भवन में फैल गई। इमारत में छह रेस्टोरेंट के साथ बेसमेंट में रेस्टोरेंट और ग्राउंड फ्लोर पर कई दुकानें संचालित हो रही थीं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

धुएं के बाद दिखीं आग की लपटें

इमारत के सुरक्षा गार्ड के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे बिल्डिंग की खिड़की से धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआत में उसे लगा कि यह रोज की तरह किचन से निकलने वाला सामान्य धुआं है, लेकिन कुछ ही देर बाद आग की लपटें दिखाई देने लगीं। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

8 दमकलों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न इलाकों से फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियां और तीन वाटर टैंकर मौके पर पहुंचे। आग तेजी से फैल चुकी थी, जिसके कारण दमकलकर्मियों को इमारत की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

समय रहते बाहर निकाले गए एलपीजी सिलेंडर

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह रेस्टोरेंट के किचन को माना जा रहा है। आग की सबसे बड़ी चुनौती किचन में रखे चार कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर थे। यदि सिलेंडरों में विस्फोट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सबसे पहले सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।

नुकसान का आकलन जारी

आग से रेस्टोरेंट और दुकानों में रखा सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फायर विभाग और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।

जांच के बाद सामने आएगी वजह

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, घटना के बाद आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा शुरू कर दी गई है।


Related Articles