UP में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर हमला: गांजा तस्कर की तलाश में गई टीम को ग्रामीणों ने चोर समझा, एक सिपाही गंभीर घायल

UP में छत्तीसगढ़ पुलिस टीम पर हमला: गांजा तस्कर की तलाश में गई टीम को ग्रामीणों ने चोर समझा, एक सिपाही गंभीर घायल

Chhattisgarh Police Attacked in UP: रायपुर। गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में उत्तर प्रदेश पहुंचे छत्तीसगढ़ पुलिस दल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने गई टीम को ग्रामीणों ने चोर समझ लिया और घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य जवान किसी तरह जान बचाकर निकलने में सफल रहे। घटना उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के ईचौली गांव की है।

गांजा तस्करी के आरोपियों की तलाश में पहुंची थी टीम

जानकारी के मुताबिक छत्तीसगढ़ पुलिस की रायपुर स्थित गंज थाना पुलिस टीम गांजा तस्करी के मामले में फरार आरोपियों आकाश, शिवम और एक अन्य व्यक्ति की तलाश में कौशांबी पहुंची थी। पुलिस टीम स्थानीय पुलिस के सहयोग से सादे कपड़ों में आरोपियों की तलाश कर रही थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने पहले आरोपी आकाश को पकड़ लिया था। इसके बाद जब टीम दूसरे आरोपी शिवम के घर पहुंची तो उसने खुद को बचाने के लिए जोर-जोर से “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया।

आरोपी की आवाज सुन ग्रामीण हुए एकजुट

शिवम के शोर मचाते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सादे कपड़ों में मौजूद पुलिसकर्मियों को ग्रामीण पहचान नहीं सके और उन्हें चोर समझ बैठे। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया और धक्का-मुक्की के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हमले में सिपाही गंभीर घायल

ग्रामीणों की पिटाई में पुलिसकर्मी जगदेव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं टीम के अन्य चार सदस्य किसी तरह भीड़ से बचकर निकलने में सफल रहे।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की कोखराज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घायल जवान को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ASP ने की घटना की पुष्टि

अमिता सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रायपुर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, लेकिन दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान स्थानीय पुलिस को पर्याप्त जानकारी दिए बिना कार्रवाई की गई। इसी दौरान गलतफहमी के कारण ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

5 गिरफ्तार, 50 अज्ञात पर केस

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं तीन नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मारपीट में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है।

पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने दूसरे राज्यों में दबिश देने जाने वाली पुलिस टीमों की सुरक्षा और स्थानीय समन्वय को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


Related Articles