पर्यावरण सप्ताह में हरियाली की अलख: मनभावन सेवा समिति ने किया सैकड़ों पौधों का रोपण, 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य

पर्यावरण सप्ताह में हरियाली की अलख: मनभावन सेवा समिति ने किया सैकड़ों पौधों का रोपण, 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य

Chhattisgarh Surajpur News: सूरजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस और पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में मनभावन सेवा समिति द्वारा विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। समिति के तत्वावधान में 1 जून से 7 जून तक आयोजित पर्यावरण सप्ताह के तहत विभिन्न गांवों और क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्राम रामेश्वरपुर में मनभावन सेवा समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष हितेश कुमार चक्रधारी के नेतृत्व में ग्रामीणों के सहयोग से सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ग्राम के वरिष्ठ नागरिक बालसिंह वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम के दौरान जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संतुलन और वृक्षों के महत्व पर भी चर्चा की गई।

समिति के संस्थापक एवं अध्यक्ष हितेश कुमार चक्रधारी ने बताया कि संस्था ने इस वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही जरूरी है, ताकि भविष्य में ये पौधे विशाल वृक्ष बनकर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

ग्रामीणों ने मनभावन सेवा समिति की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। समिति द्वारा पर्यावरण सप्ताह के दौरान आगामी दिनों में भी विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

“एक पेड़ मां के नाम, एक पेड़ भविष्य के नाम” के संदेश के साथ चलाया जा रहा यह अभियान क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायी पहल बनकर उभर रहा है।


Related Articles