महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपए, मुख्यमंत्री साय बोले- महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता

महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी, 68.54 लाख महिलाओं के खातों में पहुंचे 642 करोड़ रुपए, मुख्यमंत्री साय बोले- महिला सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता

Mahatari Vandana Yojana: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 68 लाख 54 हजार महिलाओं के बैंक खातों में 642 करोड़ 27 लाख 77 हजार 950 रुपए की राशि अंतरित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सम्मान, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और महतारी वंदन योजना इस दिशा में एक ऐतिहासिक पहल साबित हो रही है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी समाज और राज्य का समग्र विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और सामाजिक रूप से सम्मानित न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं दे रही, बल्कि उनके आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को भी बढ़ा रही है।

हर महीने मिल रहे 1000 रुपए

गौरतलब है कि प्रदेश में 1 मार्च 2024 से शुरू हुई महतारी वंदन योजना के तहत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपए की वित्तीय सहायता दी जा रही है। इस राशि का उपयोग महिलाएं परिवार की जरूरतों, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और छोटे स्वरोजगार कार्यों में कर रही हैं।

सरकार का दावा है कि योजना के माध्यम से लाखों परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और महिलाओं की सामाजिक भागीदारी में भी वृद्धि हुई है।

अब तक 18 हजार करोड़ से अधिक की सहायता

जून 2026 में जारी 28वीं किस्त के साथ ही महतारी वंदन योजना के तहत अब तक महिलाओं को 18 हजार 165 करोड़ 19 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। यह राशि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

दूरस्थ क्षेत्रों की महिलाओं को भी मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से नियद नेल्लानार अभियान के तहत सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर और नारायणपुर जैसे दूरस्थ और संवेदनशील जिलों की 7 हजार 770 नई महिलाओं को भी महतारी वंदन योजना से जोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि इससे इन क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल रहा है।

महिला सम्मान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनी योजना

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना अब केवल आर्थिक सहायता देने वाली योजना नहीं रह गई है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, विश्वास और आत्मनिर्भरता का सशक्त प्रतीक बन चुकी है। योजना से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार तथा समाज में अधिक सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और राज्य सरकार उनके सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

महतारी वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में महिला सशक्तिकरण की नई धारा प्रवाहित हुई है और लाखों परिवारों के जीवन में आर्थिक स्थिरता एवं खुशहाली का नया अध्याय जुड़ा है।


Related Articles