MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री सामान्य तिथि से 5 से 7 दिन की देरी से होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून 20 से 22 जून के बीच पहुंच सकता है। हालांकि मानसून आने से पहले ही प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और कई जिलों में आंधी, बारिश तथा ओलावृष्टि का दौर जारी है।
जून के शुरुआती दिनों में बदला रहेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया है कि जून के पहले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। तेज हवाओं, गरज-चमक, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियों से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
धार-खरगोन में रेड अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने धार और खरगोन जिलों के लिए बारिश और ओलावृष्टि का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में आंधी, बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
मई में गर्मी के साथ बारिश का भी दिखा असर
प्रदेश में मई महीने के दौरान जहां एक ओर भीषण गर्मी का प्रकोप रहा, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में तेज बारिश और ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मई में सामान्य से करीब आधा इंच अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
तापमान में आई गिरावट, गर्मी से मिली राहत
लगातार बदलते मौसम के चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रमुख शहरों में इंदौर का अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री, जबलपुर 36.4 डिग्री, ग्वालियर और उज्जैन 37.5 डिग्री तथा भोपाल 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हालांकि शाजापुर, राजगढ़ और नरसिंहपुर ऐसे जिले रहे जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
प्री-मानसून गतिविधियां रहेंगी जारी
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहेंगी। आंधी-बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

