भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल, तहसीलदारों में भारी आक्रोश

भाजपा विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल, तहसीलदारों में भारी आक्रोश

CG Raipur News: रायपुर। नायब तहसीलदार तुषार मानिक से कथित मारपीट मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदारों में नाराजगी बढ़ गई है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर आज से सभी तहसीलदार और नायब तहसीलदार अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। अधिकारियों के सामूहिक अवकाश पर रहने से राजस्व सहित कई शासकीय कार्य प्रभावित होने की संभावना है।

संघ का कहना है कि 29 मई को प्रदेशभर में शांतिपूर्ण ढंग से सामूहिक अवकाश लेकर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से अधिकारियों में आक्रोश व्याप्त है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मैनपाट की राजापुर उप तहसील में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि काम में देरी होने से नाराज होकर उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से हस्ताक्षर करने की मांग की, जिस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।

सीमा धनकी ने नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया, जबकि तुषार मानिक का कहना है कि उन्होंने केवल प्रक्रिया पूरी होने के बाद दस्तावेज जारी करने की बात कही थी।

विधायक और समर्थकों पर मारपीट का आरोप

नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि शिकायत की जानकारी मिलने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उन्हें राजापुर बुलाकर मारपीट की। उन्होंने दावा किया कि विधायक के समर्थकों ने उनके साथ हाथापाई की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई। मौके पर पहुंचे एसडीएम फागेश सिन्हा ने बीच-बचाव कर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला।

दोनों पक्षों पर दर्ज हुई एफआईआर

घटना के बाद दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज की है। नायब तहसीलदार की शिकायत पर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ महिलाओं से संबंधित अपराध, सार्वजनिक स्थान पर अभद्र व्यवहार और आपराधिक धमकी जैसी धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

500 से अधिक अधिकारियों ने किया था प्रदर्शन

घटना के विरोध में 29 मई को प्रदेशभर के 500 से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने सामूहिक अवकाश लेकर प्रदर्शन किया था। रायपुर, रायगढ़, सरगुजा समेत कई जिलों में राजस्व कार्य प्रभावित रहे। अब अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू होने से नामांतरण, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र और अन्य प्रशासनिक कार्यों पर व्यापक असर पड़ने की आशंका है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की गिरफ्तारी और अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।


Related Articles