CG Bilaspur News: बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार स्थित चौधरी एजेंसी के खाद्य तेल गोदाम में शनिवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। बड़ी मात्रा में रखे खाद्य तेल के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। सुबह करीब 9 बजे लगी आग पर कई घंटे बाद भी पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। आगजनी में लाखों रुपये मूल्य का खाद्य तेल और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई।
घटना तारबाहर थाना क्षेत्र की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत कार्य के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से गोदाम की दीवार तोड़नी पड़ी, ताकि दमकल कर्मी अंदर तक पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास कर सकें।
तेल के स्टॉक ने बढ़ाई आग की भयावहता
बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में खाद्य तेल का स्टॉक रखा हुआ था। तेल में आग लगने के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग से उठते धुएं के घने गुबार को दूर-दूर तक देखा गया।
आग लगते ही आसपास के व्यापारी और कर्मचारी अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आसपास के गोदामों पर भी मंडराया खतरा
व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है, जहां बड़ी संख्या में गोदाम और एजेंसियां संचालित होती हैं। चौधरी एजेंसी के आसपास भी कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं। ऐसे में आग के दूसरे गोदामों तक फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और दमकल विभाग की टीम लगातार सतर्कता बरत रही है।
छह से अधिक दमकल वाहन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। आग बुझाने के लिए छह से अधिक फायर ब्रिगेड वाहनों को लगाया गया है। लगातार पानी डाले जाने के बावजूद आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। दमकल कर्मी राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने आसपास के व्यापारियों को सतर्क रहने और सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी है।

