नई दिल्ली। IPL 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में सनसनी मचाने वाले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर अब टीम इंडिया में चयन की चर्चाएं तेज हो गई हैं। महज 15 साल की उम्र में दुनिया के शीर्ष गेंदबाजों के खिलाफ बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी करने वाले वैभव के समर्थन में अब राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा भी खुलकर सामने आए हैं। श्रीलंका के दिग्गज क्रिकेटर का मानना है कि वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
हालांकि राजस्थान रॉयल्स IPL 2026 के दूसरे क्वालिफायर में हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई, लेकिन पूरे सीजन वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन चर्चा का केंद्र बना रहा। युवा बल्लेबाज ने इस सीजन 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 रहा। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने विरोधी टीमों के गेंदबाजों के लिए लगातार मुश्किलें खड़ी कीं।
वैभव ने जसप्रीत बुमराह, कगिसो रबाडा और पैट कमिंस जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाजों के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर सहित कई क्रिकेट विशेषज्ञ उनकी तारीफ कर चुके हैं।
दूसरे क्वालिफायर के बाद कुमार संगकारा ने कहा कि किसी खिलाड़ी के बारे में यह कहना मुश्किल होता है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार है या नहीं, लेकिन वैभव ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों के खिलाफ जो प्रदर्शन किया है, उससे साफ है कि वह किसी भी चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं। संगकारा ने विश्वास जताया कि युवा बल्लेबाज को जल्द ही भारतीय टीम से बुलावा मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में परिपक्वता के साथ बल्लेबाजी की और टीम के लिए ओपनिंग साझेदारी की जिम्मेदारी शानदार ढंग से निभाई। दबाव की परिस्थितियों में भी उन्होंने खुद को साबित किया है।
भारतीय टीम जून के अंत में आयरलैंड दौरे पर टी-20 सीरीज खेलने वाली है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि वैभव सूर्यवंशी को इसी दौरे पर टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका मिल सकता है। एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जबकि दूसरे क्वालिफायर में 47 गेंदों पर 96 रन बनाकर अपनी असाधारण क्षमता का प्रदर्शन किया।
वैभव की लगातार दमदार पारियों ने यह साबित कर दिया है कि वह केवल आक्रामक बल्लेबाज ही नहीं, बल्कि मैच की परिस्थितियों के अनुसार अपनी रणनीति बदलने की क्षमता भी रखते हैं। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जल्द ही यह युवा सितारा टीम इंडिया की नीली जर्सी में नजर आएगा।

