Patan By-Election News: पाटन। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 के उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी सुरेंद्र साहू के समर्थन में पार्टी ने चुनाव प्रचार अभियान को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतार दिया है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ शासन के तकनीकी शिक्षा, रोजगार कौशल विकास एवं अनुसूचित जाति विभाग के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब आज क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब शाम 4:30 बजे ग्राम पहन्दा पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र साहू के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में शामिल होंगे। इस दौरान वे आम जनता से भाजपा के पक्ष में मतदान करने और प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील करेंगे।
इसके बाद शाम 6 बजे मंत्री का काफिला ग्राम सांकरा पहुंचेगा। यहां वे परम पूज्य गुरु घासीदास जी के जय स्तंभ में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लेंगे। इसके पश्चात वे चुनावी सभा, नुक्कड़ बैठक और सामाजिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे तथा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद करेंगे।
भाजपा नेताओं का दावा है कि जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 4 में पार्टी प्रत्याशी सुरेंद्र साहू को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। पार्टी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचा रहे हैं। साथ ही कमल छाप पर मतदान करने की अपील भी की जा रही है।
भाजपा अमलेश्वर मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने की अपील की है। चुनाव प्रचार के तेज होने के साथ ही क्षेत्र में राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्मा गया है।

