Chhattisgarh Bhilai News: भिलाई। भिलाई के खुर्सीपार इलाके में क्रिकेट मैच के दौरान खुद को गृह मंत्री का ओएसडी (ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) बताकर खिलाड़ियों को धमकाने और अभद्रता करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी सर्वेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम की है, जहां 25 मई को क्रिकेट मैच चल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान सर्वेश सिंह मैदान में पहुंचा और खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार करने लगा। उसने खुद को गृह मंत्री का ओएसडी बताते हुए खिलाड़ियों पर दबाव बनाने और उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की।
घटना के बाद खिलाड़ियों और वहां मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई। मामले में जयप्रकाश नामक व्यक्ति ने 27 मई को खुर्सीपार थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि आरोपी लगातार अपना प्रभाव दिखाते हुए खिलाड़ियों और अन्य लोगों को धमका रहा था।
पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। जांच के बाद आरोपी सर्वेश सिंह के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह (38 वर्ष) निवासी नेताजी चौक लिंक रोड, थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताकर लोगों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था और गृह मंत्री का ओएसडी बताकर लोगों को प्रभावित करना चाहता था।

