थाना कोतवाली में “ई-मालखाना” प्रणाली शुरू, जप्त माल प्रबंधन में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी

थाना कोतवाली में “ई-मालखाना” प्रणाली शुरू, जप्त माल प्रबंधन में पारदर्शिता और तकनीकी दक्षता बढ़ेगी

Chhattisgarh News: रायपुर। अमित तुकाराम कांबले के करकमलों से थाना कोतवाली में अत्याधुनिक “ई-मालखाना” प्रणाली का शुभारंभ किया गया। इस नई डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य जप्त माल के सुव्यवस्थित संधारण, सुरक्षित अभिलेखीकरण और पारदर्शी प्रबंधन को सुनिश्चित करना है। यह अभिनव प्रणाली डीसीपी सेंट्रल ज़ोन अंतर्गत थाना कोतवाली प्रभारी सतीश सिंह गहरवार एवं मालखाना मुहर्रिर प्रेमसागर नेताम के संयुक्त प्रयासों से विकसित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान ई-मालखाना प्रणाली की कार्यप्रणाली का विस्तृत डेमो प्रस्तुत किया गया। इसमें जप्त सामग्रियों के डिजिटल पंजीयन, बारकोड आधारित पहचान, रैकवाइज संधारण और रिकॉर्ड ट्रैकिंग सिस्टम की जानकारी अधिकारियों को दी गई। इस अवसर पर उमेश प्रसाद गुप्ता, मयंक गुर्जर तथा तारकेश्वर पटेल सहित अन्य अधिकारियों ने भी प्रणाली का अवलोकन कर इसकी समीक्षा की।

ई-मालखाना प्रणाली लागू करने से पहले थाना कोतवाली में उपलब्ध समस्त जप्त माल का विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया गया। इसके बाद मालखाने का वैज्ञानिक तरीके से रैकवाइज वर्गीकरण करते हुए A1, A2, B1, B2 जैसी श्रेणियों में व्यवस्थित संधारण किया गया, ताकि हर सामग्री की लोकेशन और रिकॉर्ड आसानी से चिन्हित किया जा सके।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक जप्त सामग्री पर बारकोड लगाए गए हैं और सभी वस्तुओं का सॉफ्टवेयर आधारित डिजिटल पंजीयन किया गया है। इससे अब मालखाने में जप्त वस्तुओं को जमा करना, निर्गत करना और आवश्यकता पड़ने पर त्वरित खोज करना पहले की तुलना में अधिक आसान, व्यवस्थित और समयबद्ध हो गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मालखाना प्रणाली के जरिए जप्त माल की आवक-जावक, हैंडलिंग और रिकॉर्ड की डिजिटल ट्रैकिंग संभव हो सकेगी। इससे “चेन ऑफ कस्टडी” को सुरक्षित और मजबूत बनाए रखने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रत्येक जप्त सामग्री की लोकेशन, मूवमेंट और संबंधित अभिलेखों की निगरानी भी अधिक पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से हो सकेगी।

क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम में आधुनिक तकनीक के उपयोग और अभिलेख प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में थाना कोतवाली की यह पहल एक सराहनीय और अनुकरणीय प्रयास मानी जा रही है।


Related Articles