सरहरी मेला में पुलिस का जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

सरहरी मेला में पुलिस का जागरूकता अभियान, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

Chhattisgarh Pratappur News: प्रतापपुर। प्रतापपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सरहरी मेला में प्रतापपुर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष शामिल हुए और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें साइबर ठगी एवं अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी और ओटीपी शेयर करने जैसी साइबर ठगी से सतर्क रहने की सलाह दी। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक डिटेल, एटीएम नंबर या ओटीपी साझा न करें, अन्यथा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बीट प्रभारी योगेंद्र भगत और नौशाद खान ने ग्रामीणों को कानून व्यवस्था, साइबर सुरक्षा और सामाजिक अपराधों से बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों से नशे और अपराध जैसी गतिविधियों से दूर रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर डायल करें। इससे पुलिस समय पर मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध करा सकेगी।

कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीण महिलाओं ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए कहा कि वे भविष्य में इन सावधानियों का पालन करेंगी। ग्रामीणों ने प्रतापपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की मांग भी की।


Related Articles