Katghora Hospital News : मरीज लाइन में इंतजार करते रहे, डॉक्टर मनाते रहे बर्थडे पार्टी! कटघोरा CHC का वीडियो वायरल

Katghora Hospital News : मरीज लाइन में इंतजार करते रहे, डॉक्टर मनाते रहे बर्थडे पार्टी! कटघोरा CHC का वीडियो वायरल

Katghora Hospital News : कटघोरा। छत्तीसगढ़ के कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ ड्यूटी के दौरान बर्थडे पार्टी मनाते और केक काटते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि उस समय मरीज इलाज के लिए अस्पताल में घंटों इंतजार कर रहे थे।

ओपीडी समय में मनाया गया जन्मदिन

जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो ओपीडी समय का बताया जा रहा है। मरीज जहां इलाज के लिए लाइन में खड़े थे, वहीं डॉक्टर और अस्पताल कर्मचारी अपने चैंबर में जन्मदिन का जश्न मनाने में व्यस्त थे। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

गर्मी में मरीज बेहाल, कूलर बने शो-पीस

भीषण गर्मी के बीच अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति भी चिंताजनक बताई जा रही है। कई वार्डों में लगे कूलर खराब पड़े हैं, जबकि कुछ में पानी तक नहीं डाला जा रहा। कई जगह कूलर केवल शो-पीस बनकर रह गए हैं।

मरीज और उनके परिजन हाथ के पंखों से गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री का एसी वाला वादा अधूरा

बताया जा रहा है कि करीब चार महीने पहले स्वास्थ्य मंत्री के दौरे के दौरान अस्पताल में एयर कंडीशनर लगाने की घोषणा की गई थी। लेकिन अब तक एसी तो दूर, पर्याप्त कूलर तक उपलब्ध नहीं हो पाए हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।

अस्पताल परिसर में फैली गंदगी

अस्पताल परिसर में गंदगी और बदबू से मरीजों और परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में जमा गंदगी के कारण संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

CMHO बोले – वीडियो की होगी जांच

मामले में जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. एसएन केसरी ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि वीडियो में कमरा बंद दिखाई दे रहा है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि वह ओपीडी कक्ष है या कोई निजी कमरा।

उन्होंने बताया कि बीएमओ से चर्चा कर पूरे मामले की जानकारी ली जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अस्पताल में खराब कूलरों को जल्द ठीक कराने और परिसर की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए जाएंगे।


Related Articles