Patrakarita Gaurav Martand Festival: रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा 30 मई को “पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव” का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम वीआईपी रोड स्थित सुंदर सदन श्री राम मंदिर में आयोजित होगा। आयोजन को लेकर प्रेस क्लब द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
कार्यक्रम चार अलग-अलग सत्रों में संपन्न होगा। प्रथम सत्र शुभारंभ सत्र के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सदस्य और विभिन्न जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
द्वितीय सत्र हिंदी प्रिंट मीडिया की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा और उसकी भूमिका पर केंद्रित रहेगा। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार और मीडिया जगत से जुड़े विशेषज्ञ पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसके योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे।
तृतीय सत्र इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और न्यू मीडिया की संभावनाओं एवं चुनौतियों पर आधारित होगा। इसमें वरिष्ठ पत्रकार, मीडिया विशेषज्ञ तथा विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधि अपने अनुभव और विचार रखेंगे।
इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान विशेष सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें पत्रकार साथियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, वहीं संगीत एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
रायपुर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों और पत्रकार साथियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

